सभी अध्यापकों के लिए एक प्रेरणादायक संदेश
सभी अध्यापकों के लिए एक प्रेरणादायक संदेश ■ “आपकी मुस्कान, बच्चे की सबसे बड़ी ताकत” ■ “एक ग्रेट टीचर की पहचान — प्यार, धैर्य और सम्मान” ■ “हर बच्चा खास है — उसे खास महसूस कराएं” प्रीति गुप्ता,आधारशिला स्कूल बच्चे हमेशा उन अध्यापकों को पसंद करते हैं जो खुश रहते हैं और अपने चेहरे पर सच्ची मुस्कान रखते हैं। एक शिक्षक की छोटी-सी मुस्कान बच्चों का पूरा दिन बना सकती है। जब शिक्षक प्यार और धैर्य से बात करते हैं, तो बच्चों का मन पढ़ाई में लगता है और उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। बच्चों पर बिना बात के गुस्सा करना, बार-बार डांटना, अपने मन का फ्रस्ट्रेशन बच्चों पर निकालना, उनकी बात न सुनना या उन्हें गलत शब्द बोलकर लेबल करना—ये सब आदतें बच्चे को अंदर से कमजोर कर देती हैं। इससे उसका आत्मविश्वास गिरता है और वह पढ़ाई से दूर होने लगता है। इसलिए कभी भी किसी बच्चे को बुरा न कहें, उसका मन न तोड़ें और उसके आत्मसम्मान को ठेस न पहुँचाएँ। याद रखें, बच्चों को सबसे ज्यादा जरूरत हमारे प्यार भरे शब्दों और समझदारी भरे व्यवहार की होती है। बिना डांटे भी पढ़ाया जा सकता है, बस उसके लिए हमें एक ग्रेट टीचर बनना पड़ता है। एक आम शिक्षक बार-बार डांटकर और टैग लगाकर बच्चे को छोटा महसूस करवाता है, लेकिन एक महान शिक्षक बच्चों का सम्मान बढ़ाता है, उनकी बात सुनता है और उन्हें खुश रखता है। हर बच्चा अपने आप में बहुत खास है। हमें हर बच्चे को यह एहसास दिलाना है कि वह महत्वपूर्ण है, सक्षम है और आगे बढ़ सकता है। हमारी दया, हमारा धैर्य और हमारे प्यार भरे शब्द ही बच्चों का भविष्य संवारते हैं। आइए, हम सभी यह संकल्प लें कि अपने चेहरे पर मुस्कान रखें, अपने शब्दों में प्यार रखें और अपने व्यवहार में दया रखें—ताकि हर बच्चा स्कूल में खुद को सुरक्षित, सम्मानित और खुश महसूस कर सके।

